HALCHAL INDIA NEWS
पिलखुवा। क्षेत्र के शैलेश फार्म कॉलोनी इलाके में सरकारी भूमि पर चारदीवारी को लेकर विवाद गहरा गया है। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका पिलखुवा पर उस भूमि पर कब्जा करने का आरोप लगाया है, जहां वर्षों से नवजात मृत बच्चों को दफनाया जाता रहा है। मामले को लेकर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौके पर एकत्र हुए और प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए कार्रवाई रोकने की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि उक्त भूमि लंबे समय से नवजात बच्चों के दफन के लिए निर्धारित रही है और स्थानीय समाज की आस्था से जुड़ी हुई है। आरोप है कि अब नगर पालिका द्वारा वहां चारदीवारी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जा रहा है, जिसे लोग अवैध अतिक्रमण बता रहे हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह केवल जमीन का नहीं, बल्कि सामाजिक और भावनात्मक आस्था का विषय है, जिसे नजरअंदाज कर प्रशासन जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहा है।
आंदोलन में शामिल स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता मनोज प्रताप सिंह तोमर उर्फ मनोज हेडली ने नगर पालिका की कार्रवाई को अनुचित बताते हुए चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य तत्काल नहीं रोका गया तो क्षेत्रवासी व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर न्याय की मांग की जाएगी।
दूसरी ओर नगर पालिका के अधिकारी इस मामले में स्पष्ट प्रतिक्रिया देने से बचते नजर आए, जिससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई। मौके पर मौजूद लोगों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर विवादित भूमि पर चल रहे निर्माण कार्य को रुकवाने और स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और जनपद हापुड़ प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन संवेदनशीलता दिखाते हुए शीघ्र समाधान निकालेगा।


.jpeg)




.jpeg)
.jpeg)

.jpeg)



Social Plugin