Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

अतरपुरा बिजलीघर के फीडर नंबर-6 को रखा लोड मुक्त, जांच शुरू


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

शहर में जहां अधिकांश बिजली फीडर ओवरलोड की समस्या से जूझ रहे हैं, वहीं अतरपुरा बिजलीघर का फीडर नंबर-6 बेहद कम लोड पर चलने का मामला सामने आया है। विभागीय जांच में पता चला कि इस फीडर पर केवल एक 400 केवी ट्रांसफार्मर जुड़ा है और उस पर भी बेहद कम बिजली भार है। मामले की जानकारी मिलने के बाद अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार शहर और देहात के कई इलाकों को दिल्ली रोड और अतरपुरा बिजलीघर से बिजली आपूर्ति दी जाती है। गर्मी बढ़ने के साथ अधिकांश फीडरों पर दबाव बढ़ गया है, लेकिन अतरपुरा बिजलीघर का फीडर नंबर-6 अलग स्थिति में मिला।

बताया गया कि कुछ वर्ष पहले इस फीडर को शहर के सीमित क्षेत्र तक बिजली आपूर्ति के लिए बनाया गया था, जहां केवल कुछ मकान और इकाइयां जुड़ी हुई हैं। दूसरी ओर शहर के अन्य फीडरों पर लगातार लोड बढ़ता गया।

हाल ही में दिल्ली रोड बिजलीघर पर अधिक भार होने के कारण गढ़ रोड क्षेत्र के कुछ मोहल्लों को अतरपुरा बिजलीघर के फीडर नंबर-1 से जोड़ दिया गया। इससे उस फीडर पर लोड करीब 125 एंपियर तक पहुंच गया। अधिक दबाव के चलते तार टूटने और जलने जैसी घटनाएं भी सामने आने लगीं।

विभागीय जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि फीडर नंबर-6 पर मात्र 15 एंपियर लोड है। इसके बाद अन्य फीडरों की भी जांच शुरू करा दी गई है। यह भी देखा जा रहा है कि आखिर किस कारण इस फीडर को लगभग लोड मुक्त रखा गया।

अधिशासी अभियंता सचिन द्विवेदी ने बताया कि सभी फीडरों के लोड की समीक्षा कराई जा रही है। जिन फीडरों पर अधिक भार है, उन्हें अन्य फीडरों से जोड़कर संतुलित किया जाएगा ताकि बिजली आपूर्ति सुचारु बनी रहे।