HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़ में सोमवार दोपहर यात्रियों से भरी एक निजी बस में सीएनजी लीक होने से हड़कंप मच गया। बुलंदशहर से मेरठ जा रही बस जैसे ही मेरठ तिराहे पर पहुंची, तभी सिलिंडर से तेज आवाज के साथ गैस रिसाव शुरू हो गया। चालक की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार चालक जिसंत को गैस रिसाव का आभास होते ही उसने तुरंत बस सड़क किनारे रोक दी और सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी अजय कुमार शर्मा ने बताया कि एहतियात के तौर पर बस को मेरठ रोड स्थित असौड़ा गांव के पास खुले मैदान में ले जाया गया। वहां मैकेनिक बुलाकर सिलिंडर की गैस खाली कराई गई और तकनीकी खराबी को ठीक कराया गया।

घटना के दौरान मेरठ तिराहे पर काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। हालांकि समय रहते कार्रवाई होने से कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।