Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

10 दिन से लापता किशोरी की बरामदगी को लेकर कोतवाली में गूंजा हनुमान चालीसा पाठ, हिंदू संगठनों का धरना


HALCHAL INDIA NEWS

पिलखुवा। दस दिन से लापता नाबालिग किशोरी की बरामदगी न होने से नाराज अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद, बजरंग दल और हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को पिलखुवा कोतवाली पहुंचकर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कोतवाली परिसर में हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और किशोरी की शीघ्र बरामदगी की मांग उठाई।

                                     


धरने के दौरान संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि नाबालिग किशोरी को लापता हुए करीब दस दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में पुलिस की कार्रवाई अपेक्षित गति से नहीं चल रही है, जिससे परिजनों की चिंता लगातार बढ़ रही है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि समय रहते किशोरी की बरामदगी नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।


प्रदर्शनकारियों ने कोतवाली परिसर में बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया और पुलिस प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि बेटी की सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। संगठनों के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सकारात्मक परिणाम नहीं मिले तो जिले स्तर पर बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। 


धरने की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि किशोरी की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार काम कर रही हैं और विभिन्न स्थानों पर जांच-पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने दावा किया कि मामले के हर पहलू पर गंभीरता से जांच चल रही है तथा जल्द ही सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।

आश्वासन के बाद कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त किया, लेकिन स्पष्ट किया कि वे मामले की लगातार निगरानी करेंगे और किशोरी की बरामदगी तक संघर्ष जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान कोतवाली परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रही और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।