Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

हमले के 24 घंटे बाद भी आरोपी फरार, घायल युवक का इलाज जारी


HALCHAL INDIA NEWS

सिंभावली क्षेत्र के गांव बक्सर में एक युवक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में घटना के 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। मामले को लेकर ग्रामीणों और परिजनों में नाराजगी बनी हुई है, जबकि पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

                                  

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी एक युवक बीती रात किसी काम से पुराने नेशनल हाईवे की ओर गया था। आरोप है कि रास्ते में कुछ युवकों ने उसे रोककर विवाद शुरू कर दिया। कहासुनी बढ़ने पर उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई।

परिजनों का कहना है कि घायल युवक किसी तरह मौके से निकलकर गांव की ओर पहुंचा, लेकिन रास्ते में बेहोश होकर गिर पड़ा। सूचना मिलने के बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेरठ के एक अस्पताल में रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई करने की अपील की है।

रविवार को थाना प्रभारी अस्पताल पहुंचकर घायल युवक का हालचाल लिया और चिकित्सकों से उपचार की जानकारी प्राप्त की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार युवक के सिर में गंभीर चोट आई है और उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

क्षेत्राधिकारी ने बताया कि नामजद और अन्य संदिग्ध आरोपियों की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। साथ ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है। अफवाह फैलाने वालों पर भी प्रशासन की नजर बनी हुई है।