Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

शादी के एक माह बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, बुलेट की मांग को लेकर दहेज हत्या का आरोप


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

जिले में शादी के महज एक महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से सनसनी फैल गई। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

                                         

जानकारी के अनुसार, सोनम की शादी छह मई को धूमधाम से हुई थी। परिजनों का कहना है कि शादी के कुछ दिनों बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर सोनम को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि कई बार उसने अपने मायके वालों को इसकी जानकारी भी दी थी।


परिजनों के मुताबिक, रविवार को मौत से कुछ समय पहले सोनम ने फोन कर घबराहट होने की बात कही थी और मायके आने की इच्छा जताई थी। इसके कुछ देर बाद उसके निधन की सूचना मिली। अचानक मिली इस खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजन तत्काल ससुराल पहुंचे और दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।


वहीं, ससुराल पक्ष का कहना है कि सोनम की मौत करंट लगने से हुई है और घटना पूरी तरह हादसा है। उनका दावा है कि घर में अचानक करंट की चपेट में आने से उसकी जान चली गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। 


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों की तहरीर के आधार पर सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। नवविवाहिता की मौत के बाद दोनों परिवारों में तनाव का माहौल है और क्षेत्र में घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।