HALCHAL INDIA NEWS
हापुड़।
शहर के चर्चित दो करोड़ रुपये की डकैती कांड का पर्दाफाश कर लूट का अधिकांश माल बरामद करने वाली हापुड़ पुलिस का मंगलवार को भव्य सम्मान किया गया। कारोबारी नरेंद्र अग्रवाल ने अपने आवास पर सम्मान समारोह एवं प्रेसवार्ता का आयोजन कर पुलिस अधिकारियों, जांच टीम और पत्रकारों का स्वागत किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह, थाना हापुड़ देहात प्रभारी पारस मलिक सहित डकैती का खुलासा करने वाली पूरी टीम को फूलमालाएं पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
गौरतलब है कि एक जून की रात बदमाशों ने कारोबारी नरेंद्र अग्रवाल के घर में घुसकर परिवार को बंधक बना लिया था और करीब दो करोड़ रुपये की नगदी व जेवरात लूटकर फरार हो गए थे। घटना ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कई टीमों का गठन किया गया था। लगातार कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मात्र छह दिन के भीतर घटना का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और बड़ी मात्रा में लूटा गया माल भी बरामद कर लिया।
सम्मान समारोह में भाजपा व्यापारी नेता विनीत शारदा भी मौजूद रहे। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही वह दो जून को पीड़ित कारोबारी नरेंद्र अग्रवाल के घर पहुंचे थे। वहां उन्होंने परिवार से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली और वरिष्ठ अधिकारियों से वार्ता कर जल्द से जल्द खुलासा करने तथा अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की थी। विनीत शारदा ने कहा कि पुलिस ने पीड़ित परिवार को जो आश्वासन दिया था, उसे मात्र छह दिन में पूरा करके दिखाया है। उन्होंने कहा कि दो करोड़ रुपये की सनसनीखेज वारदात का खुलासा कर और लगभग पूरी नगदी बरामद कर पुलिस ने यह साबित कर दिया है कि उत्तर प्रदेश पुलिस अपराधियों के खिलाफ प्रभावी ढंग से काम कर रही है।
उन्होंने कहा, "मैंने घटना के दूसरे ही दिन पीड़ित परिवार से मुलाकात की थी। उस समय परिवार बेहद डरा हुआ था और व्यापारिक समाज में भी चिंता का माहौल था। मैंने अधिकारियों से कहा था कि यह सिर्फ एक परिवार का मामला नहीं, बल्कि पूरे व्यापारी समाज के विश्वास का सवाल है। मुझे खुशी है कि पुलिस ने दिन-रात मेहनत कर रिकॉर्ड समय में घटना का खुलासा किया। आज पुलिस ने यह साबित कर दिया है कि अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो, कानून के हाथों से बच नहीं सकता।" विनीत शारदा ने आगे कहा, "2017 से पहले उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति किसी से छिपी नहीं थी। व्यापारी, महिलाएं और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस करते थे। लेकिन भाजपा सरकार बनने के बाद अपराधियों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई हुई है। आज स्थिति यह है कि अपराधी या तो जेल में हैं, भूमिगत हैं या कानून के शिकंजे में आ चुके हैं। प्रदेश का व्यापारी वर्ग सुरक्षित माहौल में व्यापार कर रहा है।"
उन्होंने कहा, "मेरा व्यापारी समाज पिछले नौ वर्षों से सुरक्षित महसूस कर रहा है। कोई भी अपराधी व्यापारी वर्ग की ओर आंख उठाकर देखने की हिम्मत नहीं कर सकता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। हापुड़ पुलिस ने जिस तेजी और पेशेवर तरीके से इस बड़ी वारदात का खुलासा किया है, वह पूरे प्रदेश के लिए एक उदाहरण है।"
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने पुलिस टीम की कार्यशैली की सराहना की और अपराधियों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रखने की अपेक्षा जताई। सम्मान समारोह के दौरान व्यापारी समाज के कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
.jpg)









.jpeg)




.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)




Social Plugin