Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा में मानवता की मिसाल, सभासद मोनू बजरंग ने अभ्यर्थियों और परिजनों को दिलाई भीषण गर्मी से राहत


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा देने के लिए जनपद समेत आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी हापुड़ पहुंचे। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों के साथ आए अभिभावकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग सड़क किनारे, दुकानों के सामने और खुले स्थानों पर बैठकर परीक्षा समाप्त होने का इंतजार कर रहे थे। ऐसे समय में नई शिवपुरी वार्ड के सभासद मोनू बजरंग ने सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए लोगों के लिए राहत की व्यवस्था कराई।

                                    


मेरठ रोड स्थित अपने निजी गोदाम में सभासद मोनू बजरंग ने टेंट लगवाकर बड़ा कूलर स्थापित कराया। इसके साथ ही शुद्ध पेयजल और शिकंजी की व्यवस्था भी कराई गई, जिससे सैकड़ों अभ्यर्थियों और उनके परिजनों को भीषण गर्मी से राहत मिली। दिनभर बड़ी संख्या में लोग गोदाम में पहुंचते रहे और आराम करते हुए ठंडे पानी व शिकंजी का लाभ उठाते रहे। स्थानीय लोगों ने बताया कि दोपहर के समय तापमान काफी अधिक होने के कारण सड़क पर खड़ा रहना भी मुश्किल हो रहा था। 


ऐसे में मोनू बजरंग और उनकी टीम द्वारा की गई व्यवस्था लोगों के लिए किसी राहत शिविर से कम नहीं थी। अभ्यर्थियों के परिजनों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अनजान शहर में इस तरह की सुविधा मिलना उनके लिए बड़ी राहत साबित हुआ। इस सेवा कार्य में आदित्य सूद, सभासद वैभव सिंघल, मोंटू, पुनीत और दिव्य ने भी सक्रिय सहयोग किया। सभी ने मिलकर व्यवस्थाओं को संभाला और आने वाले लोगों को सुविधाएं उपलब्ध कराईं।


सभासद मोनू बजरंग ने कहा, “उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए दूर-दूर से हजारों युवा और उनके परिवारजन हापुड़ आए हैं। भीषण गर्मी के कारण लोगों को काफी परेशानी हो रही थी। जब मैंने देखा कि बुजुर्ग, महिलाएं और छोटे बच्चे सड़क किनारे धूप में बैठे हुए हैं तो मन में विचार आया कि उनके लिए कुछ किया जाए। इसके बाद तत्काल अपने निजी गोदाम को लोगों के लिए खोल दिया गया और वहां बड़े कूलर, बैठने की व्यवस्था, पीने का ठंडा पानी और शिकंजी उपलब्ध कराई गई। 


हमारा उद्देश्य केवल इतना था कि बाहर से आए लोगों को कुछ समय के लिए ही सही, लेकिन गर्मी से राहत मिल सके। समाज में यदि हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए जरूरतमंदों की मदद करे तो कई समस्याओं का समाधान स्वतः हो सकता है।