Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

मोबाइल से प्रश्न खोजने की कोशिश में अभ्यर्थी पकड़ा गया, आरक्षी भर्ती परीक्षा केंद्र पर मचा हड़कंप


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के दौरान सोमवार को हापुड़ जिले के एक परीक्षा केंद्र पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक अभ्यर्थी को संदिग्ध गतिविधियों के चलते हिरासत में लिया गया। आरोप है कि अभ्यर्थी परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग कर प्रश्नों के उत्तर खोजने का प्रयास कर रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

                                       

मामला पिलखुआ क्षेत्र स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र का है, जहां यूपी पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा आयोजित की जा रही थी। परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षकों को एक अभ्यर्थी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। जांच करने पर उसके पास मोबाइल फोन मिलने की बात सामने आई। आरोप है कि अभ्यर्थी मोबाइल के माध्यम से परीक्षा से जुड़े प्रश्नों के उत्तर तलाश रहा था।


केंद्र प्रशासन ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने अभ्यर्थी सचिन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। उसके मोबाइल फोन को भी कब्जे में लेकर जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की नकल या अनुचित साधनों का प्रयोग किया था या नहीं। घटना सामने आने के बाद परीक्षा केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। 


भर्ती परीक्षा जैसे संवेदनशील आयोजन में कड़ी चेकिंग और सुरक्षा प्रबंधों के बावजूद अभ्यर्थी के पास मोबाइल फोन पहुंच जाना चर्चा का विषय बना हुआ है। अब जांच का एक महत्वपूर्ण बिंदु यह भी है कि आखिर मोबाइल फोन सुरक्षा जांच को पार कर परीक्षा कक्ष तक कैसे पहुंचा।

सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली। केंद्र पर तैनात कर्मचारियों एवं सुरक्षा कर्मियों से भी पूछताछ की गई।

 
अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मोबाइल फोन की तकनीकी जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं परीक्षा केंद्र पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई, लेकिन इस घटना ने भर्ती परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।