Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

दो करोड़ की सनसनीखेज डकैती का खुलासा, निलंबित सिपाही निकला मास्टरमाइंड


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

शहर के चर्चित दो करोड़ रुपये के डकैती प्रकरण का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। रविवार देर रात हुई पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीन अन्य को दबोच लिया गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात की साजिश एक निलंबित सिपाही ने रची थी, जिसने जेल में रहते हुए अपराधियों के साथ मिलकर गिरोह तैयार किया था।

                              

ज्ञात हो कि गत सप्ताह शहर के प्रतिष्ठित कारोबारी नरेंद्र अग्रवाल के घर में देर रात हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर परिवार को बंधक बना लिया था। इसके बाद बदमाश सोने-चांदी के आभूषण और नकदी समेत करीब दो करोड़ रुपये का माल समेटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस लगातार सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की तलाश में जुटी थी।


रविवार देर रात थाना देहात क्षेत्र में पुलिस को गिरोह के सदस्यों की मौजूदगी की सूचना मिली। घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मुरादाबाद निवासी साहिब-ए-आलम और रोहित के पैर में गोली लगी। इसके अलावा तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है।


पुलिस के अनुसार गिरोह का सरगना अमरोहा का निलंबित सिपाही विक्की है। वह पूर्व में नकली नोटों के मामले में जेल जा चुका है। जेल के दौरान उसकी मुलाकात अन्य अपराधियों से हुई और वहीं से इस वारदात की रूपरेखा तैयार की गई। जांच में यह भी पता चला कि व्यापारी के घर में काम कर चुके एक राजमिस्त्री के बेटे ने घर की गतिविधियों और कीमती सामान की जानकारी गिरोह को उपलब्ध कराई थी।


गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 24 लाख रुपये की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, अवैध हथियार, कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही शेष लूटा गया सामान भी बरामद कर लिया जाएगा।