HALCHAL INDIA NEWS

गढ़मुक्तेश्वर। इंद्रानगर कॉलोनी में देर रात गैस सिलेंडर से रिसाव होने के कारण एक मकान में अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से घर में रखी नकदी और घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गया, हालांकि परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बच गए।

जानकारी के अनुसार, इंद्रानगर निवासी जितेंद्र का परिवार रात में भोजन करने के बाद सो गया था। देर रात सिलेंडर से गैस लीक होने लगी और कुछ ही देर में कमरे में आग भड़क उठी। आग लगते ही घर के लोगों में हड़कंप मच गया और सभी लोग बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।

आसपास के लोगों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैल चुकी थी। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया।

फायर विभाग के उपनिरीक्षक उत्तम राणा ने बताया कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि घर में रखा फर्नीचर, बिस्तर, खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी सामान जलकर नष्ट हो गया।