HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

आवास विकास क्षेत्र में सोमवार को बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता कार्यालय के बाहर स्मार्ट मीटर के विरोध में उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग, जिनमें महिलाएं भी शामिल रहीं, सड़क पर उतर आए और जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई।


प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद से उन्हें लगातार बिलिंग और रीडिंग से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि मीटर लगने के बाद बिजली बिल अचानक बढ़ गए हैं, जिससे आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। उन्होंने विभाग पर मनमानी का आरोप लगाते हुए पुराने मीटर सिस्टम को फिर से लागू करने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं की भागीदारी खास तौर पर देखने को मिली। उन्होंने सड़क पर बैठकर विरोध जताया और विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कुछ आक्रोशित लोगों ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय के गेट को बंद कर अधिकारियों के खिलाफ अपना रोष प्रकट किया। 

स्थिति की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग अपनी मांगों को लेकर अड़े रहे। 

इस दौरान काफी देर तक हंगामे का माहौल बना रहा और आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी का वातावरण देखने को मिला। गांधी विहार, संजय बिहार, वैशाली कॉलोनी और अमृत विहार समेत कई क्षेत्रों के लोग इस प्रदर्शन में शामिल हुए। 

वहीं, बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि उपभोक्ताओं की शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है और समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।