हापुड़।
बहादुरगढ़ क्षेत्र में एक होटल के उद्घाटन समारोह के दौरान उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब पूर्व मंत्री मदन चौहान और भारतीय किसान यूनियन (भानु) के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप के बीच तीखी बहस के बाद धक्का-मुक्की हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही विवाद में बदल गई। बहस के दौरान स्थिति बिगड़ने पर धक्का-मुक्की भी हो गई, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। आयोजकों और अन्य लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया।
घटना के बाद पूर्व मंत्री मदन चौहान नाराज होकर कार्यक्रम स्थल से बाहर आ गए। बाहर आने के बाद उन्होंने मीडिया के सामने अपनी नाराजगी जाहिर की और इस दौरान उन्होंने कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए किसान नेता भानु प्रताप पर तीखे आरोप लगाए।
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ अपशब्द कहने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और इस तरह की भाषा बोलने वालों का मुंह तोड़ दिया जाएगा। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो किसी ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद मामला और तूल पकड़ गया। वीडियो के सामने आने के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है।
समाजवादी पार्टी के हापुड़ जिलाध्यक्ष आनंद गुर्जर ने इस घटना को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह भाजपा का दोहरा चरित्र दर्शाता है और एक पूर्व मंत्री द्वारा सार्वजनिक मंच पर इस तरह की अभद्र भाषा का प्रयोग करना बेहद निंदनीय है। उन्होंने इस पूरे प्रकरण की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों को संयमित भाषा का प्रयोग करना चाहिए।
वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है और लोग इस पूरे घटनाक्रम को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। पुलिस प्रशासन की ओर से फिलहाल इस मामले में कोई औपचारिक कार्रवाई सामने नहीं आई है, लेकिन वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की चर्चा जरूर हो रही है।
.jpg)







.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)




Social Plugin