हापुड़।
नगर की सड़कों पर नियमों को ठेंगा दिखाते हुए भाजपा का झंडा लगाए एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो तेज हूटर बजाते हुए फर्राटा भर रही थी। वाहन चालक सड़क पर रौब झाड़ते हुए लोगों में धौंस जमाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन तहसील चौराहे पर उसकी यह हनक ज्यादा देर तक नहीं चल सकी। सतर्क यातायात कर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए न केवल वाहन को रोका, बल्कि सख्त कार्रवाई कर नियमों का उल्लंघन करने वालों को कड़ा संदेश भी दिया।
जानकारी के अनुसार, जैसे ही तेज आवाज में हूटर बजाती स्कॉर्पियो तहसील चौराहे पर पहुंची, वहां तैनात यातायात कर्मी मनोज कुमार और पीआरडी जवानों ने वाहन को रोकने का प्रयास किया। चालक ने पहले तो रौब दिखाते हुए गाड़ी नहीं रोकी और आगे बढ़ने लगा। इस पर यातायात कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया और आगे खड़े होकर किसी तरह स्कॉर्पियो को रुकवाया।
वाहन रुकवाने के बाद जब जांच की गई तो चालक ने साफ तौर पर कार में हूटर होने से इनकार कर दिया। उसने चुनौती देते हुए कहा कि जितना चाहें जांच कर लें, गाड़ी में कोई हूटर नहीं मिलेगा। हालांकि, यातायात कर्मियों को पहले ही हूटर की आवाज सुनाई दे चुकी थी, इसलिए उन्होंने बारीकी से जांच जारी रखी।
जांच के दौरान पीआरडी कर्मी ने जब गाड़ी के नीचे झांककर देखा तो वहां छिपाकर लगाया गया हूटर बरामद हो गया। हूटर मिलने के बाद चालक के तेवर बदल गए और वह कार्रवाई से बचने के लिए फोन घुमाने लगा तथा अपनी पहुंच का हवाला देने लगा। बावजूद इसके यातायात कर्मी मनोज कुमार ने पूरी सख्ती बरतते हुए किसी भी प्रकार की सिफारिश को नजरअंदाज कर दिया।
इसके बाद मौके पर ही मिस्त्री बुलवाकर गाड़ी से अवैध हूटर उतरवाया गया और नियमों के उल्लंघन पर स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ 10,500 रुपये का चालान किया गया। इस कार्रवाई से साफ हो गया कि कानून के आगे किसी की हनक नहीं चलती और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई तय है। यातायात पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
.jpg)







.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)




Social Plugin