हापुड़।
स्मार्ट मीटर रिचार्ज करने के बावजूद बिजली आपूर्ति शुरू न होने से परेशान उपभोक्ताओं की शिकायतों के बाद बिजली विभाग हरकत में आ गया। शिकायत मिलने पर अधिशासी अभियंता ने शनिवार देर रात दिल्ली रोड स्थित बिजलीघर का औचक दौरा किया और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की जांच की। इस दौरान लापरवाही पाए जाने पर कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी दी गई और उपभोक्ताओं की समस्याओं का तत्काल समाधान कराया गया।
बताया जा रहा है कि जिले में बड़ी संख्या में प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, लेकिन कई उपभोक्ताओं को रिचार्ज करने के बाद भी बिजली सप्लाई नहीं मिल रही थी। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि बिजलीघर के कर्मचारी उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं ले रहे थे और बार-बार आने के बाद भी समाधान नहीं किया जा रहा था। मामला अधिकारियों तक पहुंचने पर अधिशासी अभियंता ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान शिकायत रजिस्टर की जांच की गई और दर्ज शिकायतों के निस्तारण की स्थिति देखी गई। साथ ही कर्मचारियों को स्मार्ट मीटर एप के सही उपयोग, रिचार्ज प्रक्रिया और बैलेंस जांचने के तरीके समझाए गए, ताकि उपभोक्ताओं को आगे किसी तरह की परेशानी न हो।
गर्मी के मौसम को देखते हुए बिजली व्यवस्था की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। ट्रांसफार्मर, मशीनों और लाइनों की स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि उपभोक्ताओं की शिकायतों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी।
अधिशासी अभियंता ने कहा कि रिचार्ज के बाद बिजली चालू न होने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई की गई है और सभी प्रभावित उपभोक्ताओं की बिजली सप्लाई बहाल करा दी गई है। भविष्य में ऐसी समस्या न हो, इसके लिए कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं।
.jpg)



.jpeg)





.jpeg)
.jpeg)

.jpeg)



Social Plugin