Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

तेज रफ्तार कार ने ऑटो को मारी टक्कर, कई लोग घायल, बड़ा हादसा टला


HALCHAL INDIA NEWS

गढ़मुक्तेश्वर। नगर के स्याना रोड पर रविवार शाम तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होने से सड़क दुर्घटना हो गई। सड़क किनारे खड़े ऑटो में कार के टकराने से ऑटो चालक सहित कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार स्याना चौपला की तरफ से आ रही कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और मस्जिद के पास सड़क किनारे सवारियों का इंतजार कर रहे ऑटो से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे व आसपास खड़े लोग घायल हो गए। ऑटो चालक को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि सुनील, राजू, बब्लू और एक महिला को भी चोट लगी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में सड़क किनारे खड़ी एक बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार ऑटो से टकराकर रुक गई, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। अगर कार आगे बढ़ जाती तो कई लोग इसकी चपेट में आ सकते थे। स्थानीय लोगों ने सड़कों पर तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से नियंत्रण की मांग की है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार कार को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है और घायलों का उपचार कराया जा रहा है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।