Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

हजारों की भीड़ में पुलिस की सूझबूझ से टला बवाल, आंबेडकर जयंती पर हापुड़ में सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर जहां एक ओर शहर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला, वहीं दूसरी ओर भारी भीड़ के बीच सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती साबित हुआ। इसके बावजूद हापुड़ नगर पुलिस ने मुस्तैदी और सूझबूझ का परिचय देते हुए पूरे कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया।


आंबेडकर तिराहे और तहसील चौराहे सहित प्रमुख स्थानों पर हापुड़ कोतवाल विनोद पांडेय के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। जगह-जगह बैरिकेडिंग कर यातायात और भीड़ को नियंत्रित किया गया, जिससे व्यवस्था सुचारू बनी रही। हजारों लोगों की मौजूदगी के बीच पुलिस लगातार निगरानी करती रही।


इसी दौरान आंबेडकर तिराहे पर एक युवक बुलेट मोटरसाइकिल से लगातार पटाखे छोड़ रहा था, जिससे आसपास मौजूद लोग परेशान हो रहे थे और अफरा-तफरी का माहौल बन रहा था। स्थिति को भांपते हुए कोतवाल विनोद पांडेय स्वयं मौके पर पहुंचे और युवक को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने विनम्रता के साथ युवक से भीड़ में पटाखे न छोड़ने की अपील की, लेकिन युवक ने पुलिस के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए बीच सड़क में मोटरसाइकिल खड़ी कर शोर मचाना शुरू कर दिया। 

मौके पर मौजूद कुछ समझदार लोगों ने आगे बढ़कर युवक को समझाया और जयंती के पावन अवसर पर शांति बनाए रखने की बात कही। काफी समझाने के बाद युवक शांत हुआ और स्थिति सामान्य हो सकी। पुलिस की तत्परता और संयमित रवैये के चलते एक बड़ा विवाद टल गया।

हजारों लोगों की भीड़ के बीच हर व्यक्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस के लिए किसी चुनौती से कम नहीं था, लेकिन हापुड़ पुलिस ने जिम्मेदारी निभाते हुए पूरे शहर में कानून-व्यवस्था को बनाए रखा। कार्यक्रम के दौरान कहीं भी कोई बड़ा व्यवधान नहीं हुआ और पुलिस की सक्रियता के चलते आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।