HALCHAL INDIA NEWS
हापुड़।
बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर जहां एक ओर शहर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला, वहीं दूसरी ओर कुछ युवकों की लापरवाही और खतरनाक स्टंट ने लोगों की सांसें थाम दीं। हजारों लोगों की भीड़ के बीच ऐसे नजारे सामने आए, जिन्होंने किसी बड़े हादसे की आशंका को भी जन्म दे दिया।
शहर में विभिन्न स्थानों पर माल्यार्पण और श्रद्धांजलि कार्यक्रमों के साथ विशाल रैलियां निकाली जा रही थीं। सड़कों पर जनसैलाब उमड़ा हुआ था और लोग ‘जय भीम’ के नारों के साथ बाबा साहब को नमन कर रहे थे। इसी दौरान कुछ युवक भीड़ के बीच ट्रैक्टर को तेज रफ्तार में गोल-गोल घुमाते नजर आए। ट्रैक्टर की गति इतनी अधिक थी कि उसका नियंत्रण बिगड़ने पर किसी भी वक्त बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन युवकों को ना तो पुलिस का डर था और ना ही किसी अनहोनी का भय।
इसी बीच मेरठ रोड से आंबेडकर तिराहे की ओर आ रही एक रैली में दो युवकों ने अचानक सड़क किनारे लगे ऊंचे होर्डिंग पर चढ़कर खतरनाक करतब करना शुरू कर दिया। ऊंचाई पर बिना किसी सुरक्षा के कसरत और स्टंट करते इन युवकों को देखकर नीचे खड़े लोग दहशत में आ गए। जब उनसे इस जानलेवा स्टंट के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बेखौफ अंदाज में कहा कि उन्हें किसी का डर नहीं है और वे आगे भी ऐसे ही स्टंट करते रहेंगे।
वहीं आंबेडकर चौराहे पर एक युवक ने भीड़ के बीच अपने कंधे पर मोटरसाइकिल उठाकर लोगों को हैरत में डाल दिया। युवक काफी देर तक बाइक को कंधे पर रखकर गोल-गोल घूमता रहा, जिससे आसपास मौजूद लोगों में उत्सुकता के साथ-साथ चिंता भी बनी रही।
जनसैलाब और जोश के बीच इस तरह के खतरनाक स्टंट ने कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए। हालांकि पुलिस और प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जा रही थी, लेकिन भीड़ के बीच इस तरह की लापरवाही किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकती थी।
.jpg)





.jpeg)





.jpeg)
.jpeg)

.jpeg)



Social Plugin