HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

पुलिस भर्ती लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी कविता मीना की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में परीक्षा व्यवस्था से जुड़े सभी पहलुओं की गहन समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण व पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाए।

                                    


बैठक में बताया गया कि जनपद में 8 से 10 जून 2026 तक आयोजित होने वाली पुलिस भर्ती लिखित परीक्षा के लिए नौ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित की जाएगी। परीक्षा केंद्रों को तीन जोन में विभाजित किया गया है, जिनकी निगरानी के लिए जोनल अधिकारियों की तैनाती की गई है। 


जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएं तथा प्रत्येक कक्ष में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी सुनिश्चित की जाए। साथ ही जैमर लगाए जाएं ताकि मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से नकल की किसी भी संभावना को समाप्त किया जा सके। उन्होंने परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।


परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और रिजर्व मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर लगातार निगरानी रखने तथा अभ्यर्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।


जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा को लेकर अफवाह फैलाने, भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने अथवा परीक्षा प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से समन्वय बनाकर कार्य करने तथा प्रत्येक व्यवस्था का समय रहते सत्यापन करने को कहा।

जनपद के आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज, चौधरी ताराचंद इंटर कॉलेज, दीवान इंटर कॉलेज, एसएसवी इंटर कॉलेज, जैन कन्या इंटर कॉलेज, सर्वोदय इंटर कॉलेज, श्री चंडी विद्यालय सहित अन्य परीक्षा केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने परीक्षा संचालन को लेकर अपनी तैयारियों की जानकारी भी दी।