HALCHAL INDIA NEWS
हापुड़।
पिलखुवा क्षेत्र में रेलवे लाइन से फिश प्लेट चोरी के मामले का रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें एक चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी और दूसरा चोरी का माल खरीदने वाला कबाड़ी शामिल है। आरपीएफ ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई फिश प्लेट भी बरामद कर ली है।
आरपीएफ के अनुसार यह घटना लाखन रेलवे फाटक के पास हुई थी। पहली बार 30 दिसंबर को रेलवे लाइन को जोड़ने वाली फिश प्लेट चोरी की गई थी। इसके बाद 26 जनवरी को उसी स्थान पर दोबारा चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। दूसरी घटना के दौरान आरोपी मौके पर स्कूटी छोड़कर फरार हो गए थे। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के चलते ट्रेनों का संचालन एहतियातन धीमी गति से कराया गया था। दोनों मामलों में आरपीएफ थाने में मुकदमे दर्ज किए गए थे।
आरपीएफ थाना प्रभारी राकेश कुमार यादव ने बताया कि मामले की जांच उप निरीक्षक अनिल कुमार तेवतिया के नेतृत्व में की गई। जांच के दौरान लाखन निवासी दीपू तोमर को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि चोरी की गई फिश प्लेट उसने सर्विस रोड रिलायंस मार्ग के मोड़ पर स्थित कबाड़ की दुकान पर जान मोहम्मद को बेची थी। इसके बाद आरपीएफ टीम ने कबाड़ी जान मोहम्मद को भी गिरफ्तार कर लिया और चोरी का माल बरामद कर लिया।
आरपीएफ अधिकारियों का कहना है कि रेलवे संपत्ति की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। ट्रैक से जुड़ी सामग्री की चोरी न केवल कानून अपराध है बल्कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करती है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
.jpg)



.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)




Social Plugin