Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

छात्रों को पुलिस की संरचना और कानून व्यवस्था से कराया अवगत, SPEL का प्रभावी आयोजन


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा संचालित स्टूडेंट पुलिस एक्सपीरिएंस लर्निंग कार्यक्रम के अंतर्गत थाना हापुड़ नगर में एक विशेष शैक्षिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर वरुण मिश्रा ने एसएसवी इंटर कॉलेज के छात्रों को पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और कानून व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया।

भ्रमण के दौरान छात्रों को पुलिस की संरचना, मिशन शक्ति केंद्र, साइबर हेल्प डेस्क, जनपदीय कंट्रोल रूम और 112 कंट्रोल रूम के संचालन की विस्तृत जानकारी दी गई। छात्रों ने पुलिस कार्यप्रणाली के बारे में लाइव अनुभव प्राप्त किया और विभिन्न विभागों में होने वाले कार्यों को नजदीक से देखा।

छात्रों को कानून का महत्व, नागरिकों की सुरक्षा, अपराध निवारण और पुलिस सेवा के प्रति जिम्मेदारी के बारे में भी जागरूक किया गया। क्षेत्राधिकारी ने छात्रों को अपराध के प्रति सतर्क रहने और साइबर तथा अन्य कानूनी मामलों में पुलिस से सहयोग लेने के तरीके समझाए।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल छात्रों को पुलिस व्यवस्था से परिचित कराना है, बल्कि उन्हें सामाजिक जिम्मेदारी, कानून का सम्मान और सुरक्षा जागरूकता के प्रति सजग बनाना भी है। छात्रों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के अनुभव से उन्हें पुलिस कार्यप्रणाली और कानून की बारीकियों को समझने का अवसर मिला।