Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

हाईवे पर खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर 13,500 का चालान ठोककर पुलिस ने कसी नकेल


HALCHAL INDIA NEWS

गढ़मुक्तेश्वर। एनएच-24 दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर यात्रियों की जान से खिलवाड़ करने वाली डग्गामार बस का वीडियो सामने आते ही हड़कंप मच गया। क्षमता से कहीं अधिक सवारियां बैठाकर बस को दोनों दरवाजों, खिड़कियों और पीछे से लटकाते हुए दौड़ाया जा रहा था। हैरान करने वाली बात यह रही कि बस के दरवाजे पर एक महिला भी लटकी नजर आई। 

यह खतरनाक और लापरवाही भरा सफर खुलेआम राष्ट्रीय राजमार्ग पर जारी था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।


वीडियो सामने आते ही हापुड़ यातायात पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया और कार्रवाई करते हुए बस चालक पर सख्ती दिखाई। जांच में सामने आया कि बस संख्या UP13CT6772 को ओवरलोड सवारियां बैठाकर चलाया जा रहा था। यातायात पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए चालक का 13,500 रुपये का चालान काट दिया। 

यातायात प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि इस तरह यात्रियों को बस की खिड़की और दरवाजों पर बैठाकर ले जाना न सिर्फ कानून का उल्लंघन है, बल्कि सीधे तौर पर जान जोखिम में डालने जैसा गंभीर अपराध भी है। ऐसी लापरवाही से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।


हापुड़ पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान नियमों का पालन करें और ऐसे किसी भी अवैध व खतरनाक कृत्य का हिस्सा न बनें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।