हापुड़।
गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के गांव कल्याणपुर में युवक की तलवार से हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त तलवार भी बरामद कर ली है। घटना के बाद गांव में फैले तनाव को देखते हुए पुलिस लगातार नजर बनाए हुए है।
जानकारी के अनुसार गांव कल्याणपुर निवासी 22 वर्षीय ऋतिक वाल्मीकि पर बुधवार रात गांव के ही धीरज प्रजापति ने तलवार से हमला कर दिया था। हमले में गंभीर रूप से घायल ऋतिक को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। मेरठ के अस्पताल में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही गांव में तनाव का माहौल बन गया था।
जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब 10 बजे धीरज प्रजापति शराब के नशे में ऋतिक के घर के सामने पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। ऋतिक द्वारा विरोध किए जाने पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि धीरज ने तलवार निकालकर ऋतिक के पेट में वार कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण घायल ऋतिक को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र बिष्ट पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया गया था।
थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी धीरज प्रजापति पुत्र नैन सिंह निवासी ग्राम कल्याणपुर थाना गढ़मुक्तेश्वर को घटना के अगले ही दिन गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को ग्राम दौताई नहर पुल के पास से दबोचा। उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल तलवार भी बरामद हुई है।
थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी के खिलाफ बीएनएस और एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद का सामने आया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। गांव में फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।
.jpg)
.jpeg)





.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)




Social Plugin