HALCHAL INDIA NEWS

गढ़मुक्तेश्वर। नगर की बाग कॉलोनी के निवासियों को जल्द ही जर्जर सड़क और जल निकासी की समस्या से राहत मिलने जा रही है। करीब 16 वर्षों से खराब सड़क और जलभराव की समस्या झेल रहे लोगों के लिए सड़क और नाले निर्माण की योजना को मंजूरी मिल गई है।

नगर पालिका द्वारा भेजे गए प्रस्ताव को डूडा विभाग से स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। परियोजना के तहत लगभग 43 लाख रुपये की लागत से 140 मीटर लंबी सड़क और नाले का निर्माण कराया जाएगा।

मोहल्ला उपाध्याय नगर स्थित बाग कॉलोनी में लंबे समय से सड़क खराब होने और उचित जल निकासी व्यवस्था न होने के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही थी। बरसात के मौसम में सड़क पर पानी भर जाने से आवागमन भी प्रभावित होता था।

अब स्वीकृत योजना के तहत सड़क निर्माण के साथ-साथ नाले का निर्माण भी कराया जाएगा, जिससे जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा। परियोजना पूरी होने के बाद कॉलोनी के सैकड़ों परिवारों को बेहतर सड़क और साफ-सफाई का लाभ मिलेगा।

नगर पालिका प्रशासन ने निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।

नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी पवित्रा त्रिपाठी ने बताया कि बाग कॉलोनी की सड़क और नाले निर्माण का प्रस्ताव डूडा विभाग को भेजा गया था, जिसे मंजूरी मिल गई है। टेंडर प्रक्रिया जारी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।