HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़ के गांव असौड़ा निवासी एक परिवार के नौ लोगों की तबीयत खराब होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि परिवार बुलंदशहर के जहांगीराबाद में आयोजित गोदभराई कार्यक्रम में शामिल होने गया था, जहां भोजन करने के बाद सभी की हालत बिगड़ गई। फूड पॉइजनिंग की आशंका के चलते सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

परिवार के सदस्य दीपक ने बताया कि सोमवार को उनके छोटे भाई नितिन के लिए लड़की देखने का कार्यक्रम था। रिश्ता तय होने के बाद गोदभराई की रस्म हुई, जिसमें मौजूद लोगों ने पूड़ी, रायता, मटर पनीर और रसगुल्ले का भोजन किया। कार्यक्रम के बाद परिवार रात में घर लौट आया।

आरोप है कि रात में ही परिवार के कई सदस्यों को पेट दर्द और सिर दर्द की शिकायत शुरू हो गई। अगले दिन भी तबीयत में सुधार नहीं होने पर गांव के एक निजी चिकित्सक से दवा ली गई, लेकिन देर रात उल्टी और तेज पेट दर्द की समस्या बढ़ गई।

बुधवार सुबह स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद तीन एंबुलेंस गांव पहुंचीं और सभी मरीजों को जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया। अस्पताल में भर्ती लोगों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार सभी मरीजों का उपचार जारी है और हालत में सुधार बताया जा रहा है। वहीं खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि मामला दूसरे जिले से जुड़ा है, शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।