HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र स्थित गांव पोपाई में कूड़ा वाहन बनाने वाली एक फर्म पर जीएसटी विभाग की जांच में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। आरोप है कि फर्म ने तीन संदिग्ध कंपनियों के जरिए फर्जी खरीद दिखाकर करीब 1.21 करोड़ रुपये की इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का लाभ लिया।

जीएसटी विशेष अनुसंधान शाखा (एसआईबी) की जांच के दौरान पोर्टल डाटा विश्लेषण में गड़बड़ी पकड़ी गई। इसके बाद विभागीय टीम ने फर्म पर पहुंचकर दस्तावेजों और खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड की जांच की। जांच में सामने आया कि फर्म ने लोहा, स्टील और फैब्रिकेशन सामग्री की खरीद बोगस फर्मों से दर्शाकर अधिक आईटीसी क्लेम की थी।

कार्रवाई के दौरान विभाग ने मौके पर ही 43 लाख रुपये सरकारी खाते में जमा कराए। बताया जा रहा है कि फर्म द्वारा कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों के निर्माण का कार्य किया जाता है और कच्चे माल की खरीद में बड़े स्तर पर अनियमितता सामने आई है।

एसआईबी अधिकारियों के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद अब फर्म के पूरे लेनदेन और दस्तावेजों की विस्तृत जांच की जा रही है। विभाग का कहना है कि फर्जी बिलिंग और बोगस फर्मों के जरिए कर चोरी करने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।