HALCHAL INDIA NEWS

ब्रजघाट में शुक्रवार को अस्थि विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दिल्ली से आए चार युवक गंगा में स्नान करते समय तेज बहाव की चपेट में आ गए और डूबने लगे। मौके पर मौजूद नाविकों और गोताखोरों ने तत्परता दिखाते हुए चारों की जान बचा ली।

जानकारी के मुताबिक दिल्ली के जौहर एन्क्लेव निवासी प्रदीप अपने पिता की अस्थियां विसर्जित करने परिवार के अन्य सदस्यों पीयूष, तनिश और सुमित के साथ ब्रजघाट पहुंचे थे। अस्थि विसर्जन के बाद सभी युवक गंगा में स्नान करने लगे। इस दौरान वे सुरक्षा बैरिकेडिंग पार कर गहरे पानी की ओर पहुंच गए, जहां तेज धारा में उनका संतुलन बिगड़ गया।

चारों युवकों को डूबता देख घाट पर मौजूद नाविकों और गोताखोरों ने तुरंत गंगा में छलांग लगा दी। काफी मशक्कत के बाद सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बचाव के दौरान प्रदीप बैरिकेडिंग के नीचे फंस गए थे, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई। उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को घर भेज दिया गया।

बचाव अभियान में गोताखोर मूलचंद, ब्रजपाल, रोहताश और भोलू की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि गंगा में स्नान करते समय सुरक्षा नियमों का पालन करें और निर्धारित सीमा के भीतर ही रहें।