HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाने वाली पुलिस के बीच ही अनुशासनहीनता का एक मामला सामने आया है। आरोप है कि मुरादाबाद में तैनात एक पुलिसकर्मी ने शराब के नशे में धुत होकर हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

                           

जानकारी के अनुसार, नगर कोतवाली क्षेत्र के सबली गेट के पास ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने कुछ लोगों को खुले में शराब पीते देखा। पुलिसकर्मियों ने उन्हें सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन न करने की हिदायत दी। आरोप है कि इसी दौरान वहां मौजूद मुरादाबाद में तैनात एक पुलिसकर्मी भड़क गया और उसने ड्यूटी पर मौजूद दरोगा व अन्य पुलिसकर्मियों के साथ बहस शुरू कर दी।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नशे में होने के कारण पुलिसकर्मी लगातार अपनी पहचान और प्रभाव का हवाला देता रहा तथा पुलिसकर्मियों को ही कानून और नियमों का पाठ पढ़ाने लगा। स्थिति बिगड़ती देख नगर कोतवाली पुलिस उसे थाने ले आई, लेकिन आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद भी उसका व्यवहार सामान्य नहीं हुआ और वह अपनी पहुंच का रौब झाड़ता रहा।


सूत्रों के अनुसार, कोतवाली पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी है। वायरल वीडियो में भी कथित रूप से पुलिसकर्मी और ड्यूटी पर तैनात जवानों के बीच तीखी नोकझोंक दिखाई दे रही है। हालांकि वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। इस घटना ने पुलिस विभाग के भीतर अनुशासन और आचरण को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस पुलिस बल पर कानून का पालन कराने की जिम्मेदारी होती है, उसी के एक सदस्य पर नियमों की अनदेखी और साथी पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार के आरोप लगना चर्चा का विषय बना हुआ है।


गौरतलब है कि हाल ही में जनपद में ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता और हमले की घटनाएं भी सामने आई थीं। ऐसे में एक पुलिसकर्मी पर ही साथी जवानों के सम्मान को ठेस पहुंचाने के आरोप ने विभागीय छवि को प्रभावित किया है। मामले को लेकर स्थानीय लोगों का कहना है कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए। यदि कोई व्यक्ति, चाहे वह किसी भी पद पर क्यों न हो, सार्वजनिक स्थान पर नियमों का उल्लंघन करता है और ड्यूटी पर तैनात कर्मियों के साथ अभद्रता करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।