Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

सआईआर में अधूरी जानकारी पर 1.27 लाख मतदाताओं को नोटिस, सुनवाई केंद्रों पर बढ़ी भीड़


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) के तहत जिले में बड़ी संख्या में मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। जानकारी अधूरी पाए जाने के कारण लगभग 1.27 लाख लोगों से जवाब मांगा गया है। नोटिस देर से मिलने की वजह से सुनवाई स्थलों पर लोगों की भीड़ लगातार बढ़ रही है, जिससे कई मतदाताओं को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

अब भी कई क्षेत्रों में नोटिस पहुंचने की प्रक्रिया जारी है। ऐसे में लोगों को समय रहते आवश्यक दस्तावेज जुटाने में परेशानी हो रही है। चुनाव आयोग के निर्देश पर इन मतदाताओं को अपनी जानकारी स्पष्ट करने का अवसर दिया जा रहा है और उन्हें तय सूची में से किसी भी दो प्रमाण पत्र जमा करने के लिए कहा गया है।

सुनवाई के लिए पहुंच रहे अनेक लोगों को यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें कौन से दस्तावेज प्रस्तुत करने हैं। इससे भ्रम की स्थिति बन रही है। वर्ष 2003 के बाद विवाह कर चुकी महिलाओं को विशेष कठिनाई हो रही है, क्योंकि उन्हें अपने मायके से कागजात मंगाने पड़ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार हापुड़ विधानसभा क्षेत्र में करीब 60 हजार ऐसे मतदाता हैं, जिनकी मैपिंग नहीं हो सकी थी। इन मामलों की सुनवाई नगर पालिका सभागार, मोदीनगर रोड स्थित खंड विकास अधिकारी कार्यालय, एसडीएम कार्यालय के सभागार और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) परिसर में की जा रही है। सुनवाई तिथि के आसपास नोटिस मिलने से केंद्रों पर भीड़ अधिक देखी जा रही है।

एसडीएम ईला प्रकाश ने बताया कि बीएलओ द्वारा लगातार नोटिस वितरित किए जा रहे हैं। नोटिस के पीछे आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी दी गई है और सभी सुनवाई स्थलों पर हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है, जिससे लोगों को मार्गदर्शन मिल रहा है।

अपर जिलाधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि जिले में एसआईआर के अंतर्गत दावे और आपत्तियां दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। 31 जनवरी को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसमें बीएलओ मौजूद रहकर फॉर्म-6, 7 और 8 प्राप्त करेंगे। प्रत्येक बूथ पर फॉर्म उपलब्ध रहेंगे और संबंधित अधिकारी अभियान की निगरानी करेंगे।

उन्होंने बताया कि जिन नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे छह फरवरी तक आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए तहसील कार्यालय, बीएलओ या ऑनलाइन माध्यम से चुनाव आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in और ECINET मोबाइल ऐप के जरिए आवेदन किया जा सकता है।