Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

दहेज, धोखे और देह व्यापार की धमकी का सनसनीखेज मामला, पीड़िता ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

जिले में एक विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट, धोखाधड़ी और मानसिक व शारीरिक शोषण के गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। पीड़िता शीतल ने बताया कि उसकी शादी 03 मार्च 2025 को ग्राम ददायरा, थाना हापुड़ देहात क्षेत्र में हिंदू रीति-रिवाज से ग्राम फफूड़ा, थाना खरखौदा (मेरठ) निवासी युवक के साथ हुई थी। शादी में शीतल के पिता ने अपनी सामर्थ्य से अधिक खर्च कर घरेलू सामान, मोटरसाइकिल, सोने-चांदी के आभूषण सहित अन्य उपहार दिए थे। विवाह पर करीब 15 से 16 लाख रुपये खर्च किए जाने का दावा किया गया है।

शीतल का आरोप है कि शादी से पहले ससुराल पक्ष ने उसके पिता को बताया था कि दामाद मोबाइल टावर कंपनी में इंजीनियर है। इस जानकारी पर भरोसा कर विवाह कराया गया, लेकिन शादी के बाद सामने आया कि पति बेरोजगार है और किसी भी कंपनी में कार्यरत नहीं है। जब शीतल ने इस बारे में सवाल किया तो पति ने गाली-गलौच और मारपीट शुरू कर दी। कुछ समय बाद ससुराल पक्ष ने कम दहेज का ताना देते हुए अतिरिक्त दहेज में कार और पांच लाख रुपये नकद की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर पति शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता रहा।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि जब पति घर पर ही रहने लगा और उसने खर्च चलाने को लेकर काम करने की बात कही, तो पति ने हिंसक रवैया अपनाया और धमकी दी कि उसका काम लड़कियों की सप्लाई करना है और जरूरत पड़ी तो उसे भी बेच देगा। शीतल का कहना है कि कुछ दिनों बाद उसका पति उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर अपने दोस्तों के पास ले गया और वहां उसे सामने बैठा दिया। आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने उसके बारे में आपत्तिजनक बातें कहीं और पैसों की चर्चा की। इस घटना के बाद शीतल को साजिश का अंदेशा हुआ और उसने पूरी आपबीती अपने भाई को बताई। शीतल के भाई ने बहन की ससुराल पहुंचकर मामले की जानकारी ली तो उसके साथ भी मारपीट और अभद्रता की गई। इसके बाद भाई शीतल को अपने साथ मायके ले आया और पूरे मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।

पुलिस अधीक्षक ने मामले को संज्ञान में लेते हुए निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर तथ्यों की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।