Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

हल्की बारिश ने बिगाड़ी बिजली आपूर्ति, हजारों घर घंटों अंधेरे में


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

रविवार तड़के हुई बारिश के साथ ही शहर की बिजली व्यवस्था लड़खड़ा गई। केबल बॉक्स और आनंद विहार स्थित बिजलीघर में तकनीकी खराबी आने से कई इलाकों की सप्लाई बंद हो गई। हालात यह रहे कि करीब आठ घंटे तक 20 हजार से ज्यादा घरों में बिजली नहीं रही।

सुबह लगभग तीन बजे बारिश शुरू होने के कुछ ही समय बाद दिल्ली रोड और टाउन हॉल बिजलीघरों को जोड़ने वाली हाईटेंशन लाइन में खराबी आ गई। इसके चलते दोनों बिजलीघरों से जुड़े अधिकतर फीडर बंद करने पड़े और शहर के बड़े हिस्से में बिजली गुल हो गई।

ऊर्जा निगम के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर लाइन की जांच की और केबल बॉक्स में आई खराबी को दुरुस्त किया। हालांकि इसी दौरान आनंद विहार स्थित 220 केवी क्षमता के बिजलीघर में भी फाल्ट आ गया, जिससे हालात और बिगड़ गए। इसके कारण टाउन हॉल बिजलीघर के सभी फीडर और दिल्ली रोड बिजलीघर के चार, छह व आठ नंबर फीडर दोबारा बंद हो गए।

लगातार आ रही तकनीकी दिक्कतों के चलते बिजली आपूर्ति दोपहर करीब एक बजे जाकर बहाल हो सकी।

बिजली कटौती का असर टीचर कॉलोनी, राजीव विहार, सिद्धार्थनगर, लज्जापुरी, बैंक कॉलोनी, चमरी, अर्जुननगर, अपनाघर कॉलोनी, विवेक विहार, कलक्टरगंज, रामगंज, श्रीनगर, राजेंद्र नगर, पटेलनगर, रघुवीर गंज, मजीदपुरा, आवास विकास, मोती कॉलोनी, नवाजीपुरा, इंद्रगढ़ी, महताबगढ़ी, फूलगढ़ी, तगासराय, प्रेमपुरा, अरतपुरा, गोल मार्केट और कोठीगेट समेत कई क्षेत्रों में देखने को मिला।

स्थानीय लोगों ने बताया कि जिले में बिजली ढांचे को मजबूत करने के लिए भारी बजट खर्च किया गया है, लेकिन मौसम थोड़ा बिगड़ते ही व्यवस्था जवाब देने लगती है।

उपखंड अधिकारी प्रथम देवेश के अनुसार केबल बॉक्स और आइसोलेटर में आई तकनीकी खराबी के कारण सप्लाई बाधित हुई थी। फाल्ट दूर कर सभी प्रभावित इलाकों में बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी गई है।