Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

खुले नालों से बढ़ रहा दुर्घटनाओं का खतरा, लोग परेशान


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

शहर के कई इलाकों में खुले पड़े नाले लगातार हादसों का कारण बन रहे हैं। आए दिन लोग इनमें गिरकर चोटिल हो रहे हैं, लेकिन अब तक इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही के चलते स्थिति गंभीर बनी हुई है।

जहां दुकानों और मकानों का रास्ता नालों के ऊपर से गुजरता है, वहां लोगों ने अस्थायी तौर पर लकड़ी के पटरे या लोहे की जालियां रख ली हैं। हालांकि ये इंतजाम भी पूरी तरह सुरक्षित नहीं हैं और कभी भी टूटने या फिसलने से बड़ा हादसा हो सकता है।

सिकंदर गेट, मीनाक्षी रोड, स्वर्ग आश्रम रोड, गढ़ रोड और दिल्ली रोड जैसे व्यस्त इलाकों में खुले नाले लोगों की परेशानी बढ़ा रहे हैं। नगर की सड़कें संकरी होने के साथ-साथ वाहनों का दबाव बढ़ने से पैदल चलने वालों को और अधिक मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नालों को ढककर पक्का किया जाए तो आवागमन आसान हो सकता है और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि नालों को ढकने के लिए लगातार टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। जल्द ही शहर के सभी खुले नालों को पाटकर दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करने की दिशा में काम किया जाएगा।