Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

गेम खेलने को लेकर नाराज हुआ नाबालिग घर से निकला, 14 दिन बाद भी नहीं मिला सुराग


HALCHAL INDIA NEWS

पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के नौरंगपुरी पबला रोड इलाके से एक 16 वर्षीय नाबालिग पिछले लगभग दो सप्ताह से लापता है। परिजनों के मुताबिक 24 जनवरी को दोपहर के समय वह घर से बाहर गया था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा।

परिवार का कहना है कि किशोर ऑनलाइन गेम खेलने का आदी था, जिस कारण उसे घर में कई बार समझाया गया था। इसी बात से खिन्न होकर वह बिना बताए घर छोड़कर चला गया। लापता किशोर इंटरमीडिएट पास कर चुका है और मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था।

परिजनों ने रिश्तेदारों और जान-पहचान के लोगों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन अब तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। परिवार का आरोप है कि बच्चे की गुमशुदगी को लेकर जो सूचना पोस्टर लगाए गए थे, उन्हें अज्ञात लोगों ने हटा दिया, बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं हुई।

परिवार ने पुलिस पर अपेक्षित सहयोग न मिलने की बात कही है और बताया कि खोजबीन का अधिकांश प्रयास उन्हें स्वयं करना पड़ रहा है। वहीं थाना प्रभारी मनीष चौहान ने भरोसा दिलाया है कि किशोर की तलाश जारी है।

क्षेत्राधिकारी अनीता चौहान ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं और हर संभव दिशा में जांच की जा रही है।