Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

सरकारी अस्पतालों की सेवाओं की परख, बाहरी चिकित्सकों ने किया औचक निरीक्षण


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

जिले में सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यप्रणाली और उपचार सुविधाओं का आकलन करने के लिए स्टेट रिव्यू मिशन के तहत मुरादाबाद मंडल से आए चिकित्सकों के दल ने विभिन्न अस्पतालों का निरीक्षण किया। इस दौरान इलाज से जुड़ी व्यवस्थाओं के साथ-साथ अभिलेखों की भी जांच की गई और मरीजों से संवाद कर उनकी राय जानी गई। निरीक्षण से संबंधित बिंदुओं को शासन की ऑनलाइन प्रणाली में दर्ज किया गया।

प्रदेश सरकार के निर्देश पर यह व्यवस्था की गई है कि अस्पतालों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए एक जिले के डॉक्टरों से दूसरे जिले में रेंडम जांच कराई जाए। इसी क्रम में छह से आठ फरवरी तक यह निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। हापुड़ जिले में सौ से अधिक सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों की जांच प्रस्तावित है।

शुक्रवार को मुरादाबाद मंडल से डॉ. संतोष कुमार, डॉ. कृष्ण, अंकित कुमार, अलताब अहमद, देवेंद्र कुमार, नीरज कुमार और मोहम्मद अनादिल सहित आठ सदस्यीय टीम हापुड़ पहुंची। टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का सहयोगात्मक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान शासन द्वारा तय मानकों के अनुसार साफ-सफाई, चिकित्सकों व कर्मचारियों की उपस्थिति, स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, दवाओं और जांच सुविधाओं की उपलब्धता तथा चिकित्सा उपकरणों की स्थिति का मूल्यांकन किया गया।

टीम ने शुक्रवार को सीएचसी हापुड़, धौलाना, सिखेड़ा, गढ़मुक्तेश्वर और जिला अस्पताल का दौरा किया। निरीक्षण के बाद चिकित्सकों ने बताया कि कुछ बिंदुओं पर सुधार की आवश्यकता सामने आई है, जिसकी रिपोर्ट शासन को भेजी जा रही है।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुनील त्यागी ने बताया कि निरीक्षण की प्रक्रिया आठ फरवरी तक जारी रहेगी। इसके बाद शासन स्तर पर रिपोर्ट की समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए जाएंगे। वहीं, हापुड़ जिले के चिकित्सकों की एक टीम निरीक्षण के लिए रामपुर भेजी गई है।