HALCHAL INDIA NEWS
गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के लुहारी गांव में प्लॉट को लेकर चल रहे विवाद के दौरान हिंसा की घटना सामने आई है। आरोप है कि आपसी रंजिश के चलते एक युवक ने फायरिंग की, जबकि उसके साथ मौजूद अन्य लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर एक व्यक्ति को घायल कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया।

पीड़ित इरफान अल्वी ने पुलिस को बताया कि 30 जनवरी को गांव निवासी नदीम द्वारा सरफराज की जमीन खरीदी गई थी। इस लेनदेन को लेकर पहले विवाद की स्थिति बनी थी, जिसे बाद में आपसी समझौते से सुलझा लिया गया था। आरोप है कि शुक्रवार सुबह जब पीड़ित पक्ष प्लॉट पर पहुंचा, तभी गांव निवासी सुहैल ने पुरानी रंजिश के चलते उनके चाचा पर गोली चला दी, जो सौभाग्य से किसी को नहीं लगी। इसके बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और फरार हो गए।

घायल व्यक्ति को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही बहादुरगढ़ थाना पुलिस गांव पहुंची और शांति व्यवस्था बहाल कराई।
पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने एक नामजद आरोपी सहित तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि प्रकरण की गहन जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है और गांव में एहतियात के तौर पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
Social Plugin