Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

बाबूगढ़ में विवाहिता की संदिग्ध मौत, गले पर मिले फंदे के निशान; साथ रह रहा युवक फरार


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव आरिफपुर मढैय्या में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 25 वर्षीय विवाहिता का शव संदिग्ध हालात में एक मकान के भीतर बेड पर पड़ा मिला। महिला के गले पर फंदे के निशान साफ दिखाई देने से मामला गंभीर हो गया। 

सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस जांच में मृतका की पहचान तनु (25) के रूप में हुई, जो मूल रूप से गांव सलारपुर की रहने वाली थीं। करीब पांच वर्ष पूर्व उनका विवाह मेरठ जिले के घुड़म गांव निवासी युवक से हुआ था। परिजनों के अनुसार तनु पिछले लगभग 25 दिनों से अपने पति से अलग होकर पति के एक मित्र के साथ रह रही थीं।

ग्रामीणों ने मकान में महिला का शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह ने पुलिस बल और फोरेंसिक विशेषज्ञों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में गले पर फंदे के निशान पाए गए, जिसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतका के पिता ने पुलिस को बताया कि दोपहर करीब 12 बजे उन्हें बेटी की मौत की जानकारी मिली, जिसके बाद वे परिजनों के साथ मौके पहुंचे। वहीं पुलिस ने उन्हें घटनास्थल की स्थिति से अवगत कराया।

सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस आत्महत्या और हत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। घटना के बाद से महिला के साथ रह रहा युवक फरार है, जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।