Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

जर्जर भवन हटाकर बनेगी पार्किंग, प्रशासन ने शुरू की कार्यवाही


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

नगर पालिका परिसर में धरना स्थल के नजदीक स्थित पुरानी और खस्ताहाल इमारत को हटाकर वहां पार्किंग सुविधा विकसित करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके अलावा डायट परिसर और एसडीएम कार्यालय क्षेत्र में मौजूद कई अन्य जर्जर भवनों को भी ध्वस्तीकरण के लिए चिन्हित किया गया है।

मंगलवार को जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने एसडीएम ईला प्रकाश के साथ नगर पालिका और डायट परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधीन पुराने भवनों की स्थिति का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि भवनों से जुड़े आदेशों को लेकर पहले कई बार विभागों के बीच असमंजस की स्थिति बनी है।

निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने नई डायट इमारत से लेकर पुराने जिला पंचायत कार्यालय तक स्थित करीब पांच पुराने भवनों को गिराने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग को इन भवनों की माप-जोख कर नियमानुसार ध्वस्तीकरण कराने को कहा गया। साथ ही महिला थाने को भी असुरक्षित भवन से स्थानांतरित करने के आदेश जारी किए गए।

जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिसर में सरकारी विद्यालय के सामने तथा धरना स्थल के आसपास स्थित जर्जर भवन को हटाकर एक छोटी मल्टीलेवल पार्किंग बनाने के निर्देश दिए। इसके लिए पीछे की ओर बने प्रवेश द्वार को खोलने को कहा गया। उन्होंने कहा कि सीमित स्थानों पर इस तरह की पार्किंग सुविधाएं विकसित कर शहर के बाजारों में यातायात दबाव और जाम की समस्या को कम किया जा सकता है।

इसके साथ ही परिसर में संचालित कस्तूरबा विद्यालय के क्षेत्र को चहारदीवारी कर विस्तारित करने की योजना पर भी सहमति बनी।