Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

कोहरे की मार से रेल सेवाएं प्रभावित, कई ट्रेनें घंटों लेट रहीं


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

घने कोहरे के कारण रेल यातायात लगातार प्रभावित हो रहा है। मंगलवार सुबह भी दृश्यता कम होने से कई लंबी दूरी की ट्रेनें अपने तय समय से काफी देरी से रेलवे स्टेशन पर पहुंचीं, जिससे यात्रियों को असुविधा झेलनी पड़ी।

वाराणसी से नई दिल्ली की ओर जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस लगभग साढ़े पांच घंटे विलंब से पहुंची। वहीं प्रयागराज संगम से सहारनपुर जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस करीब तीन घंटे देर से स्टेशन पर आई।

लालगढ़ से डिब्रूगढ़ की ओर जा रही अवध असम एक्सप्रेस और सहरसा से अमृतसर जाने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस भी एक घंटे से अधिक की देरी का शिकार रहीं। इसके अलावा बरेली से दिल्ली के लिए रवाना होने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस अपने समय से करीब आधा घंटा पीछे रही।

रेलवे सूत्रों के अनुसार रक्सौल से आनंद विहार जा रही सत्याग्रह एक्सप्रेस लगभग एक घंटा बीस मिनट देरी से पहुंची, जबकि बुलंदशहर से तिलक ब्रिज तक चलने वाली शटल पैसेंजर ट्रेन भी लगभग तीस मिनट विलंब से आई।

कोहरे के चलते ट्रेनों की गति सीमित रखी जा रही है, जिस कारण रेल संचालन सामान्य होने में अभी समय लग सकता है।