Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

घने कोहरे और ठंडी हवाओं से बढ़ी सर्दी, दिनचर्या पर असर


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

मौसम के मिजाज में बदलाव के बाद जिले में पिछले कुछ दिनों से सुबह के समय कोहरा और ठंड का असर लगातार बना हुआ है। सर्द हवाओं के चलने से लोगों को परेशानी हो रही है, वहीं दृश्यता कम होने के कारण आम जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है। बुधवार सुबह भी पूरे क्षेत्र में कोहरे की परत छाई रही।

दोपहर तक कोहरा बने रहने से सड़कों पर आवाजाही धीमी रही। बाद में जब धूप निकली तो लोगों को कुछ राहत मिली। शाम तक धूप खिली रहने के कारण लोग खुले स्थानों पर धूप सेंकते नजर आए, लेकिन सूर्यास्त के बाद फिर से ठंड बढ़ गई।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान करीब 21 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान लगभग 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शाम के समय ठंडी हवाएं चलने से ठिठुरन का एहसास बना रहा।

मौसम वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि अगले सप्ताह से मौसम में सुधार की संभावना है। उनके अनुसार आने वाले दिनों में आसमान साफ रहेगा और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।