हापुड़।
भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा संचालित स्टूडेंट पुलिस एक्सपीरिएंस लर्निंग (SPEL) कार्यक्रम के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को पुलिस व्यवस्था से जोड़ने की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई। कार्यक्रम के तहत क्षेत्राधिकारी नगर वरुण मिश्रा द्वारा कॉलेज के छात्र-छात्राओं को क्षेत्राधिकारी नगर कार्यालय एवं महिला थाना का शैक्षिक भ्रमण कराया गया।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी नगर ने विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली, पुलिस संगठन की संरचना, कानून व्यवस्था की बुनियादी जानकारी तथा पुलिस की जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य समाज में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण करना है। भ्रमण के दौरान छात्रों को महिला थाना, मिशन शक्ति केंद्र और साइबर हेल्प डेस्क के कार्यों की भी जानकारी दी गई।
छात्र-छात्राओं को बताया गया कि मिशन शक्ति के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए किस प्रकार कार्य किया जाता है, वहीं साइबर हेल्प डेस्क पर ऑनलाइन ठगी, साइबर अपराध और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े मामलों में कैसे सहायता प्रदान की जाती है।
क्षेत्राधिकारी नगर वरुण मिश्रा ने छात्रों से संवाद करते हुए उन्हें कानून के प्रति जागरूक रहने, सामाजिक जिम्मेदारियों को समझने और किसी भी आपात स्थिति में पुलिस से निर्भीक होकर संपर्क करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि SPEL कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में पुलिस के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाना है।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने भी पुलिस व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों द्वारा सरल और स्पष्ट रूप से उत्तर दिया गया। इस शैक्षिक भ्रमण से विद्यार्थियों में पुलिस प्रशासन के प्रति समझ और विश्वास दोनों मजबूत हुआ।
.jpg)





.jpeg)
.jpeg)

.jpeg)



Social Plugin