Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

मतदाता सूची पर दावा–आपत्ति की तारीख बढ़ी, अब 6 मार्च तक मिलेगा अवसर


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के अंतर्गत प्रकाशित अनंतिम मतदाता सूची पर आपत्ति और दावे दर्ज कराने की समय-सीमा बढ़ा दी गई है। चुनाव आयोग के निर्देश के अनुसार अब मतदाता 6 मार्च तक अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। पहले इसके लिए अंतिम तिथि 6 फरवरी तय की गई थी।

जिले में 6 जनवरी को अनंतिम मतदाता सूची सार्वजनिक की गई थी। सूची जारी होने के बाद बड़ी संख्या में लोगों की ओर से आवेदन आने लगे, जिसके चलते आयोग ने समय को एक माह और आगे बढ़ाने का निर्णय लिया। इससे मतदाताओं को नाम जोड़ने, हटाने और विवरण में संशोधन कराने के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है।

जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार अब तक नए मतदाता पंजीकरण के लिए लगभग 25 हजार आवेदन फार्म-6 के माध्यम से प्राप्त हुए हैं। वहीं नाम विलोपन के लिए करीब 500 फार्म-7 और मतदाता विवरण संशोधन के लिए लगभग 5700 फार्म-8 जमा किए गए हैं।

नो-मैपिंग श्रेणी में जिले में लगभग 2.81 लाख लोगों को चिन्हित किया गया था। इनमें से करीब 1.33 लाख लोगों को नोटिस भेजे जा चुके हैं, जबकि शेष तक नोटिस पहुंचाने की प्रक्रिया जारी है। जिन लोगों को नोटिस प्राप्त हुए हैं, उनमें से अब तक लगभग 23 हजार मामलों की सुनवाई हो सकी है।

एडीएम संदीप कुमार ने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार दावा–आपत्ति की प्रक्रिया 6 मार्च तक जारी रहेगी। इसके बाद अंतिम मतदाता सूची 10 अप्रैल को जारी की जाएगी।