Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

परीक्षा के अंतिम दिन स्मार्ट वॉच से नकल करते एलएलबी छात्र धराया


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

दिल्ली रोड स्थित एसएसवी पीजी कॉलेज में प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों की परीक्षा के आखिरी दिन नकल का मामला सामने आया। कॉलेज के आंतरिक निरीक्षण दल ने एलएलबी के एक छात्र को स्मार्ट घड़ी का इस्तेमाल कर अनुचित साधनों से परीक्षा देते हुए पकड़ लिया। नियमानुसार उसकी उत्तर पुस्तिका को जब्त कर सील कर दिया गया और मामले की सूचना विश्वविद्यालय प्रशासन को भेजी गई।

चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की ओर से एसएसवी पीजी कॉलेज को नोडल परीक्षा केंद्र घोषित किया गया है। शुक्रवार को एक ही पाली में एलएलबी की परीक्षा आयोजित हुई, जिसमें 681 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि 52 छात्र परीक्षा में अनुपस्थित रहे।

कॉलेज के मुख्य नियंता डॉ. लक्ष्मण सिंह गौतम की अगुवाई में गठित आंतरिक दल द्वारा परीक्षा कक्षों का निरीक्षण किया जा रहा था। इसी दौरान एक परीक्षार्थी के पास स्मार्ट वॉच के माध्यम से नकल करने का मामला सामने आया। इसके बाद नियमों के तहत कार्रवाई की गई।

परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों से भी लगातार निगरानी की गई। कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नकल या अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

एसएसवी पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. नवीन चंद्र ने कहा कि परीक्षा केंद्र पर कड़ी निगरानी रखी गई है और नकल रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।