HALCHAL INDIA NEWS
हापुड़।
जिले में अमृत सरोवर योजना के अंतर्गत तालाबों के सौंदर्याकरण पर बड़ी धनराशि खर्च की गई थी, लेकिन नियमित निगरानी न होने के कारण कई सरोवर अपनी स्थिति खोते नजर आ रहे हैं। परतापुर गांव में सरोवर की सुरक्षा फेंसिंग टूट चुकी है, जिससे वहां तक पहुंचना भी कठिन हो गया है। वहीं बहादुरगढ़ क्षेत्र का अमृत सरोवर भी उपेक्षा का शिकार बना हुआ है।
योजना की शुरुआत में विकास कार्यों में तेजी देखी गई थी, लेकिन समय के साथ यह अभियान धीमा पड़ गया। कई स्थानों पर तालाबों का निर्माण अधूरा रह गया, जबकि कुछ गांवों में सौंदर्याकरण का काम ही पूरा नहीं हो सका। जिन सरोवरों को विकसित किया गया, उनकी भी उचित देखभाल न होने से स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई। टूटे ढांचे और गंदगी के कारण अमृत सरोवरों का उद्देश्य प्रभावित हो रहा है।
इस संबंध में जिला पंचायत राज अधिकारी शिव बिहारी शुक्ला ने बताया कि ग्रामीणों से प्राप्त शिकायतों को संज्ञान में लिया गया है। जल्द ही सरोवरों की सफाई कराई जाएगी और जहां सौंदर्याकरण कार्य अधूरा है, उसे भी पूरा कराया जाएगा।
.jpg)




.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)




Social Plugin