Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

महाशिवरात्रि से पहले बदहाल सड़कें बनीं चिंता का कारण


HALCHAL INDIA NEWS

गढ़मुक्तेश्वर। फाल्गुन माह शुरू होते ही धार्मिक गतिविधियों में तेजी आ गई है। महाशिवरात्रि और कांवड़ यात्रा के मद्देनज़र जहां श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने वाली है, वहीं गंगानगरी में शिवालयों तक पहुंचने वाले रास्तों की हालत लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। कई प्रमुख सड़कें लंबे समय से मरम्मत के अभाव में जर्जर स्थिति में पहुंच चुकी हैं।

नगर के शाहपुर रोड, नक्का कुआ मार्ग समेत अन्य मार्गों पर जगह-जगह गड्ढे, उखड़ी हुई बजरी और टूटी सतह दिखाई दे रही है। महाशिवरात्रि के दिन हजारों शिवभक्त गंगा स्नान के बाद जलाभिषेक के लिए इन रास्तों से होकर मंदिरों तक जाते हैं। बाहर से आने वाले श्रद्धालु भी इन्हीं सड़कों का उपयोग करते हैं।

स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों का कहना है कि भारी वाहनों के लगातार आवागमन और समय पर मरम्मत न होने से सड़कों की स्थिति खराब हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभागों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं।

गड्ढों के कारण आए दिन दोपहिया वाहन सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं। रात के समय कम रोशनी के चलते खतरा और बढ़ जाता है। लोगों ने मांग की है कि महाशिवरात्रि से पहले सड़कों की मरम्मत कराई जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो।

इस संबंध में एसडीएम श्रीराम यादव ने बताया कि पर्व को लेकर नगर पालिका और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ शीघ्र बैठक कर आवश्यक सुधार कार्य कराए जाएंगे।