Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

धौलाना उप निबंधक कार्यालय में रजिस्ट्री व्यवस्था हाईटेक, बायोमेट्रिक से फर्जीवाड़े पर लगेगा अंकुश

HALCHAL INDIA NEWS

धौलाना। संपत्ति से जुड़े लेन-देन को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से धौलाना उप निबंधक कार्यालय में रजिस्ट्री प्रक्रिया को हाईटेक कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप अब किसी भी प्रकार की रजिस्ट्री के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड के साथ बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य कर दिया गया है। इस नई व्यवस्था के लागू होने से संपत्ति से संबंधित फर्जीवाड़े और धोखाधड़ी पर प्रभावी रोक लगने की उम्मीद जताई जा रही है।


उप निबंधक प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि शासन के निर्देश पर यह व्यवस्था लागू की गई है, जिससे रजिस्ट्री प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और वास्तविक संपत्ति स्वामी के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी। 

उन्होंने कहा कि अब मकान, दुकान अथवा कृषि भूमि की रजिस्ट्री केवल वही व्यक्ति करा सकेगा, जिसका नाम दस्तावेजों में दर्ज होगा और जिसका बायोमेट्रिक सत्यापन सिस्टम में सफलतापूर्वक हो पाएगा। यदि कोई व्यक्ति गलत नीयत से या फर्जी दस्तावेजों के आधार पर रजिस्ट्री कराने का प्रयास करेगा तो वह तत्काल तकनीकी प्रणाली में पकड़ में आ जाएगा। 


उप निबंधक प्रभारी अमित कुमार एवं विनोद कुमार ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अपने आधार और पैन कार्ड में दर्ज नाम, पता व अन्य विवरणों की त्रुटियां समय रहते ठीक करा लें और अनिवार्य रूप से अपना बायोमेट्रिक सत्यापन करवा लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन व्यक्तियों का बायोमेट्रिक सत्यापन नहीं होगा, उनकी रजिस्ट्री प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई जाएगी, क्योंकि नई प्रणाली में बिना बायोमेट्रिक सत्यापन के रजिस्ट्री संभव नहीं है।