Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

शादी के मौसम में बाजारों में बढ़ी रौनक, दूल्हों के परिधानों में दिख रहा नया ट्रेंड


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

सहालग की शुरुआत होते ही शहर के बाजारों में चहल-पहल लौट आई है। विवाह आयोजनों को लेकर खरीदारी तेज हो गई है और इसका असर दूल्हों के पहनावे पर भी साफ दिखाई दे रहा है। अब केवल पारंपरिक शेरवानी ही नहीं, बल्कि इंडो-वेस्टर्न और आधुनिक डिजाइन के सूट भी युवाओं की पसंद बनते जा रहे हैं।

शादी और सगाई जैसे आयोजनों के लिए दूल्हे अपने लुक को खास बनाने में जुटे हैं। हल्के काम वाली गोल्डन, क्रीम और मैरून रंग की शेरवानी सबसे ज्यादा पसंद की जा रही हैं। वहीं सगाई और रिसेप्शन समारोह के लिए इंडो-वेस्टर्न, थ्री-पीस सूट, बंदगला और जैकेट स्टाइल कुर्ता-पायजामा की मांग बढ़ी है। स्लिम पैंट के साथ ये परिधान युवाओं को स्टाइलिश लुक दे रहे हैं।

मेरठ गेट क्षेत्र में दूल्हा परिधान के एक दुकानदार परमजीत सिंह के अनुसार शादी के सीजन को ध्यान में रखते हुए बाजार में नए फैब्रिक और ट्रेंडी डिजाइन उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे ग्राहकों के पास विकल्पों की कमी नहीं है।

महंगाई को देखते हुए कई लोग खरीदारी के बजाय किराये पर परिधान लेना ज्यादा उचित मान रहे हैं। किराये पर शेरवानी, जूते, पगड़ी, शॉल और माला सहित पूरा सेट दो से तीन हजार रुपये में उपलब्ध कराया जा रहा है। जिले में इस तरह की करीब पांच दुकानें संचालित हैं, जहां सहालग के चलते कारोबार में तेजी देखी जा रही है।