Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

बंद फैक्ट्री के कमरे में मजदूर का शव मिलने से मचा हड़कंप, हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस

HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़।

पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खेड़ा स्थित नेमुक इंडिया एलएलपी (बंद फैक्ट्री) में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक मजदूर का शव फैक्ट्री के कमरे के अंदर मिला। घटना दिनांक 6 फरवरी 2026 की है। सुबह करीब 9 बजे मजदूर अपने कमरे में मृत अवस्था में पड़ा मिला।

मृतक की पहचान टुकर महतो (उम्र लगभग 44 वर्ष) पुत्र शिव गोपाल महतो , निवासी जामसर, गोपालगंज (बिहार) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक बंद पड़ी फैक्ट्री में दीवार रिपेयरिंग का कार्य कर रहा था और उसी परिसर के कमरे में रह रहा था।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी मनीष चौहान ने बताया कि “प्रथम दृष्टया मृतक के शरीर पर किसी भी प्रकार की चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। जानकारी में आया है कि मृतक को शराब पीने की आदत थी। फिलहाल हर पहलू से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।”

कोतवाली प्रभारी ने यह भी स्पष्ट किया कि मामले में कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है और किसी भी संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मौत बीमारी, नशे या किसी अन्य कारण से हुई है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।