HALCHAL INDIA NEWS
पिलखुवा। नगर में लंबे समय से बनी जलभराव की गंभीर समस्या को लेकर शुक्रवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। परेशान नागरिकों ने नगर पालिका के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए निर्माणाधीन नाले के कार्य को मौके पर ही रुकवा दिया। प्रदर्शनकारियों ने पालिका प्रशासन पर लापरवाही और मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि बिना समुचित योजना और वैकल्पिक व्यवस्था के नाले का निर्माण शुरू कर दिया गया, जिससे आमजन को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नाले के निर्माण के दौरान गली का रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया गया, जिसके चलते बीते पांच से छह दिनों से पूरे मोहल्ले में पानी भरा हुआ है। जलभराव के कारण घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं कई घरों में गंदा पानी घुसने से संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।
निवासियों ने बताया कि समस्या को लेकर नगर पालिका में कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। नाले के निर्माण के दौरान लगाए गए अस्थायी बांध के कारण पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है। लोगों का आरोप है कि सड़क और जलनिकासी की वैकल्पिक व्यवस्था किए बिना ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया, जो प्रशासन की घोर लापरवाही को दर्शाता है।
आक्रोशित नागरिकों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य के दौरान लगाए गए बांध को खुलवाया, जिससे पानी की निकासी शुरू हो सकी। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि पहले सड़क को दुरुस्त किया जाए और जल निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, उसके बाद ही नाले का निर्माण कराया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके। प्रदर्शन के दौरान उदयवीर सिंह, प्रवीण, कुणाल, विनीत, नवीन, जावेद, रवि, रीना, रविन्द्र, बाला, सरोज, जसंगीता, विनय और पप्पू सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। नागरिकों ने चेतावनी दी कि यदि नगर पालिका ने शीघ्र समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
.jpg)




.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)




Social Plugin