Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

दर्दनाक हादसा - बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दो साथी गंभीर

HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक युवक की जान चली गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

जानकारी के अनुसार 22 वर्षीय सलमान, निवासी इस्लामनगर देहपा पुलिया, पिलखुवा, अपने दो साथियों के साथ बाइक से पिलखुवा से दिल्ली की ओर जा रहा था। जब उनकी बाइक छिजारसी टोल प्लाजा के पास पहुंची, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। 

टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर जा गिरे। हादसे में सलमान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथी साजिद (26) और सुहैल (17), दोनों निवासी गढ़ी मोहल्ला, गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही पिलखुवा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से बस और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि फरार चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।