Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

बिजली चोरी और नए कनेक्शन के लंबित मामलों पर विभाग सख्त, कर्मचारियों से मांगा स्पष्टीकरण


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

बिजली विभाग ने लंबे समय से लंबित पड़े बिजली चोरी के प्रकरणों और नए कनेक्शन से जुड़ी फाइलों पर गंभीर रुख अपनाया है। अधीक्षण अभियंता सुभाष चंद्र ने हापुड़, पिलखुवा और गढ़ डिवीजन के संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को नोटिस जारी करते हुए जवाब मांगा है। साथ ही लंबित मामलों की फाइलें भी जांच के लिए तलब की गई हैं।

                                      

जानकारी के अनुसार, बिजली चोरी से जुड़े अनेक मामलों में आकलन (असेसमेंट) होने के बावजूद आगे की कार्रवाई समय पर नहीं की गई। कई मामलों में न तो वसूली की प्रक्रिया शुरू हुई और न ही संबंधित उपभोक्ताओं को आवश्यक नोटिस भेजे गए। विभाग का मानना है कि इससे राजस्व वसूली प्रभावित हो रही है।

अधीक्षण अभियंता ने निर्देश दिए हैं कि पांच वर्ष या उससे अधिक समय से लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए। इसके अलावा नए बिजली कनेक्शन के लिए प्राप्त आवेदनों के सर्वे और स्वीकृति प्रक्रिया में हो रही देरी पर भी नाराजगी जताई गई है। संबंधित कर्मचारियों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं, कोटा हरनाथपुर और गोहरा क्षेत्र में बड़ी संख्या में ट्रांसफार्मरों के खराब होने के मामले को भी विभाग ने गंभीरता से लिया है। इस संबंध में संबंधित अवर अभियंता से स्पष्टीकरण मांगा गया है। विभाग का कहना है कि बिजली आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा देने के लिए लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

अधीक्षण अभियंता सुभाष चंद्र ने कहा कि सभी डिवीजनों को लंबित फाइलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जहां भी लापरवाही सामने आएगी, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।